वसई: ठाणे-पालघर जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक (TDCC) के चुनाव को लेकर राजनीतिक पारा चढ़ता जा रहा है। वसई में आयोजित सहकार पैनल की प्रचार सभा में बहुजन विकास आघाड़ी (बीवीए) के प्रमुख एवं पूर्व विधायक हितेंद्र ठाकुर ने पार्टी विरोधी गतिविधियों पर कड़ा रुख अपनाया है।
बागी नेताओं पर साधा निशाना
सभा को संबोधित करते हुए हितेंद्र ठाकुर ने पार्टी से जुड़े रहे हार्दिक राऊत के विरोधी पैनल से चुनाव मैदान में उतरने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संगठन ने जिन लोगों को अवसर दिए और मंच दिया, वही लोग आज पार्टी के खिलाफ खड़े दिखाई दे रहे हैं। ठाकुर ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पार्टी समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में एकजुट होकर काम करें।
अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश
हितेंद्र ठाकुर ने इस दौरान वरिष्ठ नेता काशीनाथ पाटिल को संबंधित नेताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए। काशीनाथ पाटिल ने मीडिया से बातचीत में इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि पार्टी स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।
चुनाव बना प्रतिष्ठा का सवाल
टीडीसीसी बैंक चुनाव में विभिन्न राजनीतिक समूहों के बीच मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह चुनाव अब केवल सहकारी क्षेत्र तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह स्थानीय राजनीति की प्रतिष्ठा से जुड़ गया है। इससे आने वाले दिनों में चुनावी माहौल और अधिक गर्म होने की संभावना जताई जा रही है।