महावीर इंटरनेशनल मुंबई की सराहनीय पहल
वसई के ग्रामपंचायत पोमण स्थित जिला परिषद प्राथमिक स्कूल के जरूरतमंद छात्र-छात्राओं के चेहरे उस वक्त खिल उठे, जब उन्हें महावीर इंटरनेशनल मुंबई की ओर से नए गणवेश (यूनिफॉर्म) और शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। जैन मंदिर परिसर में आयोजित इस विशेष सामाजिक कार्यक्रम में बच्चों की पढ़ाई को सुचारू बनाने के उद्देश्य से स्टेशनरी और बैग्स प्रदान किए गए।
राजू म्हात्रे ने की आयोजकों की सराहना
इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता राजू म्हात्रे विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने महावीर इंटरनेशनल मुंबई और माणिकभाई मेहता द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे निस्वार्थ प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक कार्यों से ग्रामीण और अति-दुर्गम इलाकों के बच्चों को अपनी पढ़ाई जारी रखने का नया हौसला मिलता है।
अभिभावकों ने जताया आभार
मुफ्त यूनिफॉर्म और कॉपी-किताबें मिलने से न केवल बच्चों का उत्साह दोगुना हो गया, बल्कि उनके अभिभावकों को भी बड़ी आर्थिक राहत मिली है। उपस्थित ग्रामीणों और समाजसेवियों ने इस मानवीय पहल के लिए संस्था का आभार व्यक्त किया।
संवाददाता: साहिल यादव (वसई)