विरार, तृप्ति प्रमाण (राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक):
विरार पूर्व के मजीवाड़ा नाका इलाके में एक युवक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी के साथ अभद्र व्यवहार किया और सरकारी काम में बाधा डाली। पुलिस के अनुसार, इस मामले में विरार पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिसकर्मी को गाली और मनपा कर्मचारी की आईडी तोड़ी
पुलिस जानकारी के अनुसार, 8 जून की रात करीब 1:45 बजे विरार पुलिस थाने में तैनात कांस्टेबल अमोल अपार अपने कर्तव्य का पालन कर रहे थे। इसी दौरान फूलपाड़ा, विरार पूर्व का रहने वाला मनीष संजय झा (उम्र लगभग 25 वर्ष) वहां पहुंचा। आरोप है कि मनीष ने पुलिसकर्मी को गाली-गलौज करते हुए धमकाया। इतना ही नहीं, उसने वहां मौजूद एक मनपा कर्मचारी की कॉलर पकड़ ली और उसका पहचान पत्र (लाइनयार्ड) तोड़ दिया। इस घटना से सरकारी कामकाज में बाधा पहुंची।
भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज
इस घटना के बाद विरार पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 115(2) और 352 के तहत अपराध क्रमांक 354/2026 दर्ज किया। पुलिस ने 9 जून की दोपहर आरोपी मनीष को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मामले की आगे की जांच जारी है।