नालासोपारा

नालासोपारा में 31 जुलाई को लगेगा महावितरण का विशेष शिविर: बिजली की समस्याओं और बिलों की शिकायतों का मौके पर होगा समाधान |

नालासोपारा (तृप्ति प्रमाण): नालासोपारा पूर्व के निवासियों को बारिश के मौसम में हो रही बिजली कटौती और तकनीकी परेशानियों से जल्द राहत मिलने जा रही है। प्रभाग क्रमांक 10 में बिजली से जुड़ी हर छोटी-बड़ी समस्या, बिलों में गड़बड़ी और तकनीकी अड़चनों के त्वरित निवारण के लिए ‘बहुजन विकास आघाड़ी’ (BVA) और ‘महावितरण’ के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार, 31 जुलाई 2026 को एक विशेष मार्गदर्शन एवं शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

साई छाया स्कूल में दोपहर 2:30 बजे से लगेगा जनता दरबार

यह जनहितैषी शिविर दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक ‘साई छाया स्कूल’, वीरमाता जिजाई नगर (मोरेगांव रिक्शा स्टैंड के पास), नालासोपारा (पूर्व) में आयोजित होगा। इस पहल का मार्गदर्शन बीवीए के शीर्ष नेता हितेंद्र ठाकुर और पूर्व विधायक क्षितिज ठाकुर कर रहे हैं। शिविर का मुख्य उद्देश्य मानसून के दौरान बार-बार बिजली गुल होने और उपभोक्ताओं की पेंडिंग शिकायतों का एक ही जगह पर निस्तारण करना है।

महावितरण के वरिष्ठ अधिकारी रहेंगे मौजूद, स्थानीय नेताओं ने उठाई मांगें

पूर्व सभापति भरत मकवाना, परिवहन समिति सदस्य अमित रमाकांत वैद्य, पूर्व नगरसेवक भुटू भाई समानी और समाजसेविका रिया ताई संजय जाधव ने महावितरण के अधिकारियों से मुलाकात कर क्षेत्र में जारी बिजली सुधार कार्यों में तेजी लाने की मांग की थी। इस पर संज्ञान लेते हुए महावितरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने शिविर में खुद मौजूद रहकर शिकायतों पर ऑन-द-स्पॉट कार्रवाई का भरोसा दिया है।

उपभोक्ताओं से बिजली बिल साथ लाने की अपील

आयोजकों ने नालासोपारा (पूर्व) के सभी नागरिकों और महावितरण के बिजली उपभोक्ताओं से इस शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया है। उन्होंने अपील की है कि उपभोक्ता शिविर में आते समय अपने बिजली बिल (Electricity Bill) की फोटोकॉपी जरूर साथ लाएं, ताकि महावितरण के अधिकारी उपभोक्ता नंबर के आधार पर शिकायत दर्ज कर तुरंत समाधान निकाल सकें।

Sanjay Jaiswal

संपादक समाचार जगत की रीढ़ होते हैं, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रमाणिक जानकारी पाठकों तक पहुँचाते हैं। वे खबरों की गहन जाँच-पड़ताल कर समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।