मनोरंजन

“कैमरे के आगे और पीछे एक जैसी हूं”: ‘भोजपुरी बवाल’ शो को लेकर अभिनेत्री अमरपाली दुबे की बहन आंचल दुबे का बड़ा बयान

रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ से आंचल दुबे ने की शुरुआत

भोजपुरी मनोरंजन जगत के कई दिग्गजों को एक मंच पर लाने वाला चर्चित रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ इन दिनों दर्शकों का खूब मनोरंजन कर रहा है। इस शो के जरिए भोजपुरी सिनेमा की सुपरस्टार अभिनेत्री अमरपाली दुबे की बहन आंचल दुबे पहली बार टेलीविजन और ओटीटी की दुनिया में कदम रख रही हैं। शो में शामिल होने को लेकर आंचल ने कहा कि यह उनके लिए किसी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ज्यादा अपनी बहन अमरपाली के प्रति अटूट जुड़ाव का जरिया है।

अमरपाली के साथ रिश्ते और सफर पर की बात

आंचल ने बताया कि यह शो उनकी बहन अमरपाली के जीवन और संघर्ष की कहानी से जुड़ा है, जिसमें वह शुरू से उनके साथ रही हैं। उन्होंने कहा, “अमरपाली ने मेरी जिंदगी के हर मोड़ पर मेरा साथ दिया है, इसलिए मुझे लगा कि शो के जरिए मुझे भी उनके लिए अपना योगदान देना चाहिए।” आंचल ने बताया कि दिनेश लाल यादव (निरहुआ) और पवन सिंह जैसे बड़े कलाकारों से वह पहले से परिचित हैं, जबकि दिनेश लाल यादव के साथ उनका पारिवारिक और काफी पुराना रिश्ता रहा है।

“जैसी असल जिंदगी में हूं, वैसी ही पर्दे पर दिखूंगी”

कैमरे के सामने पहली बार आने के अपने अनुभव पर आंचल ने कहा कि उन्होंने इस शो के लिए कोई बनावटी तैयारी नहीं की है। वे परिस्थितियों के हिसाब से सहज रहना पसंद करती हैं। उन्होंने दर्शकों से अपील करते हुए कहा कि वे कैमरे के पीछे जैसी हैं, कैमरे के आगे भी वैसी ही रहेंगी। आंचल ने दर्शकों से प्यार और समर्थन बनाए रखने की उम्मीद जताई।

संवाददाता: साहिल यादव (मुंबई)

Sahil Yadav

Senior Journalist & Chief Editor covering breaking national and international news stories.