वसई

“25 मीटर में 50 गड्ढे”: नवजीवन नाका पर सड़क के गड्ढों में पेड़ उगाकर नागरिकों ने जताया अनोखा विरोध, मनपा प्रशासन पर फोड़ा भड़ास |

वसई पूर्व के नवजीवन नाका पर फूटा जनता का आक्रोश

वसई पूर्व स्थित नवजीवन नाका क्षेत्र में बदहाल सड़क और जानलेवा गड्ढों से तंग आकर स्थानीय नागरिकों ने पालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। लगातार शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई न होने पर आक्रोशित नागरिकों ने सड़क के बीचों-बीच बने बड़े-बड़े गड्ढों में ही पौधे रोपकर अपना अनोखा और तीखा विरोध दर्ज कराया।

25 से 30 मीटर के दायरे में मिले 50 से ज्यादा गड्ढे

नागरिकों ने खुद सड़क की जर्जर स्थिति का जायजा लेते हुए दावा किया कि महज 25 से 30 मीटर की दूरी पर लगभग 50 छोटे-बड़े गड्ढे मौजूद हैं। बारिश के दिनों में इन गड्ढों में जलजमाव होने से इनकी गहराई का अंदाजा नहीं मिल पाता, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और भीषण दुर्घटनाओं का शिकार होने का खतरा लगातार बना हुआ है।

जल्द मरम्मत न होने पर दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

स्थानीय लोगों का कहना है कि इन गड्ढों के कारण न केवल रोजाना ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है, बल्कि गाड़ियाँ खराब होने से उन्हें आर्थिक चपत भी लग रही है। नागरिकों ने वसई-विरार मनपा प्रशासन से मांग की है कि नवजीवन नाका सड़क की अविलंब मरम्मत की जाए और गड्ढों को भरा जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो पालिका प्रशासन के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।

Sanjay Jaiswal

संपादक समाचार जगत की रीढ़ होते हैं, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रमाणिक जानकारी पाठकों तक पहुँचाते हैं। वे खबरों की गहन जाँच-पड़ताल कर समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।